ई झरोखे से झांकिए अपने गाँव मोहल्ले में

दुनिया काफी तेजी से बदल रही है. बदलाव की बयार इतनी तेज है कि एक दिन चूके नहीं कि पिछड़ गए. तो फिर जुड़े रहिये अपने देश, शहर और गॉव मोहल्ले की खबरों से अविरत...

तीर्थ यात्रा, ६ फ़रवरी, २००९

श्रीरामचरित मानस का नवाह्नपारायण पाठ जारी

रांची, काप्र : पंचकुंडीय श्री राम महायज्ञ के पांचवें दिन श्री रामचरित मानस का नवाह्नपारायण पाठ जारी है। यज्ञ पहली फरवरी से गाड़ीखाना, अपर बाजार स्थित श्रीद्वारिकाधीश मंदिर में चल रहा है। सात फरवरी तक रोजाना 51 ब्राह्मण श्री रामचरित मानस का नवाह्न परायण पाठ करेंगे। रोज शाम चार बजे हवन हो रहा है। पाठ का नेतृत्व व्यास पीठ से अनुज पाठक कर रहे हैं। मृत्युंजय मिश्र का प्रवचन व भजन भी चल रहा है।

पहाड़ी मंदिर पर शिव बारात की तैयारियां शुरू

रांची, काप्र : महाशिवरात्रि के मौके पर निकलने वाली शिव बारात की तैयारियां तेज हो गई हैं। महाशिवरात्रि 23 फरवरी को है। हर साल की तरह इस साल भी राधाकृष्ण मंदिर, मेट्रो गली से बारात निकलेगी और पहाड़ी मंदिर तक जाएगी। हर साल शिव बारात की अगवानी मुख्यमंत्री ही करते थे। इस बार राष्ट्रपति शासन होने की वजह से पूर्व मुख्यमंत्रियों से बारात की अगवानी करवाने का फैसला श्री शिव बारात आयोजन समिति ने किया है।

भगवान विष्णु के मोहक स्वरूप को जीवन्त किया

बरेली, जागरण संवाददाता: भगवान विष्णु के मोहक स्वरूप को नृत्य के माध्यम से भारती शिवाजी ने अपनी प्रस्तुति से जीवन्त कर दिया। वह आज भूड़ स्थित कन्या महाविद्यालय में अपने कार्यक्रम की श्रंृखला में दूसरे दिन केरल का मोहनी अट्टम नृत्य प्रस्तुत कर रही थीं। पद्मश्री भारती शिवाजी यहां स्पिक मैके के कार्यक्रम के तहत पिछले दो दिनों से नृत्य के कार्यक्रम दे रहीं हैं। आज उन्होंने अपने कार्यक्रम में भगवान विष्णु के स्वरूप का वर्णन करते हुए छात्राओं को नृत्य की बारीकियों से भी अवगत कराया।

धर्म के मार्ग पर चलने से मिलेगी सुख-संपत्ति

भोपाल (शप्र)। धर्म के मार्ग पर चलने से सुख और संपत्ति अपने आप आती है। यह बात रामपांडेय शास्त्री ने प्रवचन में कही। वे गुरुवार को मां दुर्गा धाम नौ माताएं मंदिर अशोक विहार में हरी हरात्मक शक्ति महायज्ञ में आयोजित श्रीरामचरित मानस कथा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जीवन में भगवान श्रीराम जैसी मर्यादा लाने पर लक्ष्मी, भक्ति व शांति अपने आप आती है। शास्त्री जी ने कहा कि जब जीवन में वासनाएं आ जाती हैं तो भगवान गायब हो जाते हैं।

संस्कृत में विभिन्न शास्त्रों का अनवरत् प्रणयन

इलाहाबाद : संस्कृत के काव्यशास्त्रों सहित भाषा के नवीनतम आयाम से परिचत कराती तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी इविवि के संस्कृत विभाग में गुरुवार से आरम्भ हुई। कार्यक्रम में देशभर के संस्कृत के विद्वान एवं शोधछात्र भाग ले रहे हैं। मुख्य अतिथि पद्मश्री आद्या प्रसाद मिश्र ने संस्कृत वाड्øमय की प्राचीनतम भाषा के स्वरूप पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा भगवतगीता पर हिंदी-अंग्रेजी एवं विश्र्व की अन्य भाषाओं में व्याख्याएं लिखी जा रही हैं। इनमें प्रभुपाद भी गीता पर टीका विशेष रूप से अवलोकनीय है।

गंगा को करें आत्मसात : जनेश्वर

सिटी रिपोर्टर, इलाहाबाद : गंगा में कई नदियां मिलती हैं पर लक्ष्य तक गंगा ही पहंुचती हैं। गंगा में तमाम लोग डुबकी लगाने को आतुर रहते हैं पर गंगा किसी को नहीं रोकतीं। वह किसी जाति-धर्म विशेष को न पानी पीने से अथवा न स्नान करने से कभी रोकती हैं । बल्कि गंगा स्नान कर लोग अपने पुण्य की कामना करते हैं। ऐसे ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी होना चाहिए। सभी को गंगा को आत्मसात करना चाहिए। उक्त विचार सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र ने बृहस्पतिवार को माघमेला स्थित समाजवादी चिंतन शिविर के समापन मौके पर व्यक्त किये।

श्याम बाबा की झांकी पर आकाश से हुई पुष्पवर्षा

जमशेदपुर : साकची शिव मंदिर में गुरुवार को आयोजित श्याम महोत्सव से पहले दोपहर करीब दो बजे बाबा श्याम की भव्य झांकी निकली। शिव मंदिर से साकची पोस्टआफिस होते हुए साकची गोलचक्कर तक करीब डेढ़ हजार महिलाओं-पुरुषों की शोभायात्रा पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। श्याम पताका (निशान) के साथ चल रहा जुलूस साकची गोलचक्कर से काशीडीह दुर्गापूजा मैदान होते हुए शिव मंदिर पहुंचा।

(सौजन्य : दैनिक जागरण)