ई झरोखे से झांकिए अपने गाँव मोहल्ले में

दुनिया काफी तेजी से बदल रही है. बदलाव की बयार इतनी तेज है कि एक दिन चूके नहीं कि पिछड़ गए. तो फिर जुड़े रहिये अपने देश, शहर और गॉव मोहल्ले की खबरों से अविरत...

तीर्थ यात्रा, ९ फ़रवरी

संकल्प पूरा तो कल्पवास पूरा
सांस्कृतिक प्रतिनिधि, इलाहाबाद : त्रिवेणी का तट, मास पर्यत की कठोर साधना और अंत में हर जरूरतों की चीजों का दान। निस्सन्देह श्रेयस् दान में परिवर्तित हो जाता है। दान देते ही कल्पकल्पान्तर का सुख उपलब्ध हो जाता है। ऐसा न केवल साधु, संतों व महात्माओं का मानना है अपितु ग्रह नक्षत्रों के जानकारों का भी कहना है। श्रेयो दान अर्थात् सेजिया (शैय्यादान)। इसमें चारपाई के साथ साथ रोजमर्रे की जिन्दगी से जुड़ी सभी चीजों का दान का विधान है। पूर्णिमा स्नान के बाद शैय्या दान कर स्नानार्थी न केवल लोक संवारेंगे, परलोक के कल्याण की कामना भी करेंगे। गौरतलब है कि पिछले पौष पूर्णिमा से निरंतर कठोर साधना करने वाले कल्पवासियों की साधना अब पूर्ण होने को आ रही है।

मंदिर नहीं बनने देंगे : पासवान
पटना, निज प्रतिनिधि : लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने रविवार को कहा कि वे किसी भी सूरत में ध्वस्त ढांचे के स्थान पर राम मंदिर नहीं बनने देंगे। इमारत-ए-अहले अंसार (अहहिन्द) के प्रांतीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा को मंदिर मुद्दा याद आ जाता है। उन्होंने इससे मुकाबले के लिए मुसलमानों और दलितों से एकजुट होने की अपील भी की।

आलोक कुमार सिन्हा श्री रामकृष्ण सेवा के अध्यक्ष बने
रांची, काप्र : श्री रामकृष्ण सेवा संघ का चुनाव आमसभा की बैठक में हुआ। इसकी अध्यक्षता पीके सिंह ने की। आमसभा में सर्वसम्मति से आलोक कुमार सिन्हा अध्यक्ष, केसी डे कार्यकारी अध्यक्ष, राजीव रंजन उपाध्यक्ष, काशीनाथ मुखर्जी सचिव, पीएल पाल व एसके घोष उप सचिव, पीएन राय कोषाध्यक्ष तथा कनक घोष उप कोषाध्यक्ष चुने गए। आरएन पाल, एके राय, पी मंडल, गौतम दास, एसके बनर्जी, एसके डे विश्वास, एसके बनर्जी, जेआर काली, एसएम बनर्जी, वासुदेव दत्ता, आरके रक्षित व ए कुइला कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। मौके पर रामकृष्ण विवेकानंद आश्रम बोकारो के सचिव डा. ली व एसएन झा बतौर पर्यवेक्षक मौजूद थे।

माघी पूर्णिमा पर आयोजनों की धूम
खरीक (नवगछिया), संवाद सूत्र : खरीक प्रखंड में गंगा कोसी के विभिन्न घाटों पर पूर्णिमा के दिन सोमवार से होने वाले मेले एवं भक्तिमय आयोजनों की तैयारियों देर शाम तक पूरी कर ली गयी हैं। काजीकोरैया माघी पूर्णिमा मेला समिति के अनिल कुमार मंडल, भूखन मंडल ने कहा कि इस अवसर पर मेला सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन एवं रामधुन संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। वहीं निरंजन नगर गंगा घाट, एवं चोरहर कोसी घाट पर भी विशेष आयोजन किए जाएंगे। विभिन्न जगहों पर देवी देवताओं के प्रतिमा बनाने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

551 हवन कुंडों में आहुतियां
रांची, कार्यालय प्रतिनिधि : हरमू मैदान में रविवार की सुबह वातावरण वैदिक मंत्रों की ध्वनि से गुंजायमान था, हवन कुंडों से उठते सुगंधित दिव्य धूम से वातावरण आध्यात्मिकता से परिपूर्ण था। 551 हवन कुंडों में 1100 दंपति घी व हवन सामग्री की आहुतियां डाल रहे थे। मौका था 551 कुंडीय सद्गुरु सदाफलदेव विश्वशांति महायज्ञ का। यह यज्ञ त्रिदिवसीय योगासन-प्राणायाम प्रशिक्षण एवं विहंगम योग समारोह के अंतिम दिन सुबह दस बजे से आयोजित किया गया था। यज्ञाचार्य स्वयं आचार्य स्वतंत्रदेव महाराज व विज्ञान देव महाराज स्वयं मंत्रोच्चार कर रहे थे।